पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय बबीना छावनी में दिनांक 15/08/2025 को देश का 79वां स्वतन्त्रता दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर मुख्य अथिति के रूप में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार चौहान जी उपस्थित रहे। स्काउट गाइड एवं एनसीसी कैडेट द्वारा मुख्य अतिथि महोदय का हार्दिक स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि महोदय द्वारा झंडारोहण के पश्चात विद्यालय के छात्र- छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें समूह गीत और समूह नृत्य यथा वंदे मातरम, लहरा दो, माई तेरी मिट्टी, मराठी नृत्य, रामायण योग पाठ जैसे सुंदर और मनमोहक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा डिम्पल यादव बारहवीं ‘ब’ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने विचार को संभाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर माननीय मुख्य अथिति, विद्यालय प्राचार्य श्री संजय कुमार चौहान जी ने अपने संबोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में मुख्य अथिति महोदय ने सर्वप्रथम देश हेतु अपना सर्वस्व बलिदान करने वाली महान विभूतियों के योगदान के प्रति अपना आदर प्रकट किया। राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षा प्राप्त करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि
“आज का दिन केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि संकल्प का भी दिन है। हमें यह प्रण लेना चाहिए कि हम अपने देश के प्रति निष्ठावान रहेंगे, उसके विकास में योगदान देंगे और संविधान में निहित मूल्यों — स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा और न्याय — को अपने जीवन में उतारेंगे। साथ ही उन्होंने भारत देश की सैन्य,आर्थिक, शैक्षिक, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरन्तर बढ़ती हुई भूमिका की भी सराहना करते हुए, विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान हेतु प्रेरित किया।”
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए, विद्यार्थियों को उत्साह के साथ कड़ी मेहनत करते हुए, निरन्तर उन्नति के शिखर पर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय की आधारभूत संरचना और उन्नत अकादमिक स्थिति की चर्चा करते हुए समस्त विद्यालय परिवार के संगठित एवं सकारात्मक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में माननीय मुख्य अतिथि महोदय द्वारा छात्र- छात्राओं के बीच मिष्टान्न वितरण भी किया गया।
चित्रशाला
सूचना स्रोत
श्री संजय कुमार जी चौहान (प्रधानाचार्य)
प्रस्तुति