विश्व आर्द्रभूमि दिवस–2026
उपवन संरक्षक, टोंक के निर्देशन में तथा श्री दादू पर्यावरण संस्थान, टोंक एवं साहित्य मंच–टोडारायसिंह के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, टोडारायसिंह में विश्व आर्द्रभूमि दिवस–2026 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्य देव सिंह (वनपाल) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिवराज कुर्मी (संयोजक, साहित्य मंच–टोडारायसिंह) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवान सहाय मीणा (कार्यवाहक प्रधानाचार्य) ने की। माँ शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि वनपाल महोदय ने अपने उद्बोधन में प्रकृति संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “आर्द्रभूमियाँ प्रकृति की किडनी के समान कार्य करती हैं, जो पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखती हैं। उन्होंने टोंक जिले की प्रमुख आर्द्रभूमियों—बीसलपुर बाँध, टोरडी सागर, गलवा बाँध, जोधपुरियां बाँध एवं बुद्ध सागर झील—का उल्लेख करते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने ग्रामीण परिवेश में स्थित छोटे तालाबों, झीलों, नदियों एवं नालों के संरक्षण को भी अत्यंत आवश्यक बताया।”
इस अवसर पर शिवराज कुर्मी द्वारा छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली छात्राओं को मौके पर ही पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं को प्राकृतिक झील बुद्ध सागर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। छात्राओं ने झील में तैरते विभिन्न पक्षियों को निकट से देखा तथा जलीय जीवों के भोजन, रहन-सहन, आपसी स्नेह, समूह में रहने व चलने की प्रवृत्ति, विभिन्न रंगों के पक्षियों और उनकी मधुर आवाज़ों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था प्रधान महोदय ने इस सफल एवं ज्ञानवर्धक आयोजन के लिए सभी अतिथियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वन विभाग, टोडारायसिंह से मीनाक्षी गुर्जर, सोना गुर्जर तथा शाला परिवार के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
सुर्खियाँ

सूचना स्रोत

पाठ्य उन्नयन और विस्तार व प्रस्तुति



