सफलता

विपरीत परिस्थितियों को हराकर निकिता बनी यूनिवर्सिटी टॉपर, 8.83 सीजीपीए के साथ किया जिले का नाम रोशन

दनकौर (गौतम बुद्ध नगर)। श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की बी.ए. की छात्रा निकिता ने विश्वविद्यालय की परीक्षा में 8.83 सीजीपीए प्राप्त कर यूनिवर्सिटी टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता से कॉलेज, परिवार और पूरे जनपद गौतम बुद्ध नगर में खुशी की लहर है।

निकिता दनकौर के निकट स्थित अट्टा गुजरान गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता श्री सुंदर ऑटो चालक हैं, जबकि माता श्रीमती गीता गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा में कभी कमी नहीं आने दी। माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर निकिता ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

आठ भाई-बहनों में सबसे बड़ी निकिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में एक सफल अध्यापिका बनकर समाज और देश की सेवा करना है।

निकिता की यह सफलता इस बात का जीवंत उदाहरण है कि अभाव और कठिन परिस्थितियाँ कभी भी प्रतिभा और मेहनत के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। यदि व्यक्ति में लगन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो सफलता निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है।

कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने निकिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि निकिता की उपलब्धि कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

गौतम बुद्ध नगर की इस होनहार बेटी ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि सपने वही सच होते हैं जिन्हें पूरा करने का साहस, मेहनत और आत्मविश्वास हो। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।