भाव

भाव

मंजिल अभी बाकी है

बस में बैठी मैं
और खिड़की से बाहर झाँकती आँखें मेरी,
देख रही थीं गुज़रती सड़कें, पेड़ों की कतारें।
मैं आगे बढ़ रही थी, जैसे इन सबको पीछे छोड़कर,
लेकिन ये मेरा भ्रम था,
मंज़िल का मुझे अभी बाकी इंतज़ार था।
रास्तों की कब मुझे परवाह रही,
नज़रों को आसमान पर रखकर,
धरती पर मैंने सफ़र किया।
अकेली है ये राह मेरी,
साथ कोई नहीं,
हज़ारों अजनबी हैं,
जिनसे कोई नाता नहीं।
गुज़र रहे कितने मुकाम,
यादों के दरमियाँ,
चल पड़ी हूँ जाने किस ओर।
नहीं जानती पहुँचूँगी अब कहाँ,
बस इतना याद है मुझे,
छूना है मुझे आसमाँ।
मैंने चुना है अपना सपना,
मैंने चुना है अपना रास्ता।
दर्द है, काँटे हैं, चोट है,
अनगिनत चीखें हैं,
पर सुनती हूँ मैं
सिर्फ़ अपनी आत्मा की पुकार को।
मैंने चुना है अपने लक्ष्य को,
अब पीछे मुड़कर नहीं है देखना।
राहों में चाहे रात अँधेरी हो,
चाहे मंज़िल कितनी भी दूर खड़ी हो,
हौसलों का दीप जलाकर चलूँगी,
अपने सपनों को सच करके रहूँगी।
क्योंकि अब लौटना नहीं है मुझे,
किसी मोड़ पर रुकना नहीं है मुझे।
वो ज़िद मेरे मन में बाकी रहे,
कानों में न रुकने की धुन बजती रहे…

रचनाकार

नेहा जैन, ललितपुर

प्रस्तुति

उलझन सुलझन