मान सम्मान

मान सम्मान

साहित्यिक अवदान हेतु सम्मानित हुईं डॉ. लता अग्रवाल

‘बेगम्स ऑफ़ भोपाल’ का छठा वार्षिक उत्सव 11 दिसंबर से ऐतिहासिक गौहर महल में ‘परी बाज़ार’ के बैनर तले आयोजित किया गया। परी बाज़ार नवाबी दौर से भोपाल की एक विशिष्ट पहचान रहा है, जिसका मूल उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

इस आयोजन के प्रथम दिवस पर शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, समाज सेवा, खेल आदि विभिन्न क्षेत्रों में अपने अपूर्व योगदान के लिए 15 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा एवं हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अपने अभूतपूर्व योगदान हेतु भोपाल की वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. लता अग्रवाल ‘तुलजा’ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया रहीं। इस अवसर पर ‘बेगम्स ऑफ़ भोपाल’ क्लब की अध्यक्ष एवं परी बाज़ार की संचालिका सुश्री रुख़्शां जाहिद, सचिव श्रीमती बीनू धीर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग एवं वीर भारत न्यास के सौजन्य से सम्पन्न हुआ।

चार दिवसीय इस उत्सव के अंतर्गत प्रसिद्ध सूफ़ी गायन कलाकार अमीन साबरी और तनवीर साबरी (पिता-पुत्र) की जोड़ी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति दी। “तू देर हो रही है रहम का मालिक है” तथा “छाप तिलक सब छीनी रे” जैसे सूफ़ियाना कलाम ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अतिरिक्त भोपाल की बेटी जायरा के संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित पुस्तक का समीक्षा सत्र (बुक रिव्यू) भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किड्स फ़ैशन शो का आयोजन भी हुआ, जिसमें बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली। साथ ही गौहर महल परिसर में मध्य प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़े गोदना कला, मंडला आर्ट, गोंडी आर्ट तथा हस्तनिर्मित शावर एवं हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी ने दर्शकों का विशेष आकर्षण खींचा।

झलकियाँ

सूचना स्रोत 

श्रीमती लता अग्रवाल ‘तुलजा’

स्थानीय संपादक, उलझन सुलझन (लेडीज विंग)

भोपाल (मध्य प्रदेश)

प्रस्तुति