कारगिल विजय दिवस
दनकौर/ग्रेटर नोएडा। श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज, दनकौर (ग्रेटर नोएडा) में आज ‘कारगिल विजय दिवस’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वीर भारतीय सैनिकों की शहादत और शौर्य को नमन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य जी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों की अदम्य वीरता, निष्ठा और समर्पण की गाथाओं से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को सेना के शौर्य से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान समाजशास्त्र विभाग के डॉ. राजीव पांडेय ने कारगिल युद्ध की भौगोलिक एवं रणनीतिक जटिलताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के अदम्य साहस को याद करते हुए कहा, “कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे जांबाजों के शौर्य और पराक्रम के आगे दुश्मन के नापाक इरादे पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गए थे।”
वहीं, इतिहास विभाग की आचार्या डॉ. नाज परवीन ने भारत के परमाणु शक्ति संपन्न बनने से लेकर कारगिल विजय तक के संपूर्ण ऐतिहासिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भारत ने वैश्विक दबावों का सामना करते हुए अपनी संप्रभुता और सीमाओं की रक्षा की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त आचार्य गण , गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने वीर जवानों की स्मृति में मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत माता की जय के नारों से परिसर गूंज उठा।
झलकियाँ

सूचना स्रोत

स्थानीय संपादिका, महिला प्रकोष्ठ
उलझन सुलझन, नोएडा
प्रस्तुति

