पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता

पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता

आज़ादी के संघर्ष में महिलाओं का योगदान

दनकौर। श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर, ग्रेटर नोएडा के कला संकाय के इतिहास विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा “आज़ादी के संघर्ष में महिलाओं का योगदान” विषय पर पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन 14 अगस्त 2026 को दोपहर 1:00 बजे से एकलव्य सभागार में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के आदरणीय सचिव श्री रजनीकांत अग्रवाल, अध्यक्षा उप प्राचार्य डॉ रश्मि गुप्ता, कार्यक्रम के जज रहे कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ देवानंद सिंह, डॉ. शशि मैम, डॉ प्रशांत कन्नौजिया एवं डॉ. रेशा। कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण को सादर आमंत्रित किया गया। प्रतियोगिता की संयोजिका इतिहास विषय की आचार्या डॉ नाज परवीन ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना तथा उनके योगदान, साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नई पीढ़ी तक पहुँचाना था।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं तथ्यपरक पोस्टरों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की विभिन्न वीरांगनाओं के योगदान को प्रस्तुत किया। पोस्टरों में रानी लक्ष्मीबाई, बेगम हजरत महल, सरोजिनी नायडू, कस्तूरबा गांधी, कमला नेहरू, अरुणा आसफ अली, उषा मेहता, कैप्टन लक्ष्मी सहगल, सरस्वती राजामणि, मैडम भीकाजी कामा, सुचेता कृपलानी सहित अनेक महिला स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश दिया कि भारत की स्वतंत्रता केवल पुरुष नेताओं के संघर्ष का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसमें महिलाओं की सक्रिय और निर्णायक भागीदारी भी रही। महिलाओं ने सत्याग्रह, बहिष्कार, क्रांतिकारी गतिविधियों, भूमिगत आंदोलनों, गुप्तचर कार्यों तथा आजाद हिंद फौज जैसी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विशेष रूप से कैप्टन लक्ष्मी सहगल और सरस्वती राजामणि जैसी कम चर्चित वीरांगनाओं के योगदान को विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिससे स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के अनदेखे पक्षों को सामने लाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषणों और प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि “नारी केवल इतिहास की साक्षी नहीं, बल्कि इतिहास की निर्माता भी रही है।” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, ऐतिहासिक चेतना, शोध एवं प्रस्तुतीकरण कौशल तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम में अपने उत्कृष्ट भाषण से पायल भाटी, अंजलि, मुस्कान, मुस्कुराना, दीपांशी, सोफिया, नाजिश, अंशुकबीरा, फिजा जायसवाल आदि ने उपस्थित सभी जजों एवं आचार्यों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ज्योति द्वितीय स्थान हर्ष मलिक एवं तृतीय स्थान पर मुन्नी, रिम्शा, प्रिया नागर एवं सांत्वना पुरस्कार नाजिश, रश्मि और अंशु कबीरा को दिया गया। प्रतियोगिता में लगभग सत्तर छात्र उपस्थित रहे जिसमें से लगभग 50 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के श्री अमित नगर, श्री महिपाल सिंह, मिस चारु, डॉ अजमत आरा, डॉ निशा शर्मा,श्रीमती प्रीति शर्मा, डॉ कोकिल, मिस निकिता, श्रीमती हनी शर्मा, मिस काजल कपासिया, मिस रुचि शर्मा, श्रीमती सुनीता शर्मा, श्री अखिल कुमार, डॉ प्रीति रानी सेन, श्री अजय कुमार, श्री विनीत गुप्ता, श्री मुकुल शर्मा, श्री रामकिशन आदि समस्त आचार्यो एवं कॉलेज स्टॉफ ने पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में उपस्थित होकर छात्रों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को सफल बनाया। साथ ही महाविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगनाओं के योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विभाग: कला संकाय (इतिहास विभाग)
श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर, ग्रेटर नोएडा

झलकियाँ

सूचना स्रोत

 

डॉ नाज़ परवीन                                (स्थानीय संपादिका, उलझन सुलझन)       नोएडा महिला प्रकोष्ठ

प्रस्तुति

उलझन सुलझन