क्या मिला मुझे…

क्या मिला मुझे…

एक स्त्री के संघर्ष, आत्मसम्मान और अपनी पहचान की तलाश की अभिव्यक्ति

बहुत कुछ खोया, बहुत कुछ पाया,

जीवन ने हर रंग दिखाया।                                       कभी अपनों से चोट मिली, कभी गैरों ने हाथ बढ़ाया।

कभी हँसकर दर्द छिपाया, कभी आँसू पीकर मुस्कुराया। जिम्मेदारियों की लंबी राह में, कई बार खुद को पीछे पाया।

सबकी खुशियों का ध्यान रखा, हर रिश्ते को दिल से निभाया। घर की चौखट के भीतर रहते, कितना कुछ मन में दबाया।

कभी अपने सपनों को टाला, कभी इच्छाओं को समझाया। सबकी जरूरत बनते-बनते, खुद को ही वक्त न दे पाया।

मगर मैंने हार नहीं मानी, अपने भीतर की आग बुझने नहीं दी। राह कठिन थी कदम थके, पर उम्मीद की लौ झुकने नहीं दी।

खामोशियों में शब्द सँजोए, मन के भावों को आकार दिया। जो दर्द किसी से कह न सकी, उसे कलम का आधार दिया।

पहचान व सम्मान मिला, कलम को नया आसमान मिला।  भाव जो मन में रह जाते थे, उनको पाठकों में स्थान मिला।

न कोई मंजिल विरासत में मिली, न कोई राह आसान मिली। हर छोटे अवसर को थामा मैंने, तो थोड़ी पहचान मिली।

अब पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो खुद से कुछ सवाल करती हूँ। क्या खोया और क्या पाया मैंने, इसी का हिसाब लगाती हूँ।

कुछ अधूरे सपने आज भी हैं, कुछ ख्वाहिशें बाकी हैं।       कुछ रास्ते अब भी अनजाने हैं, कुछ मंजिलें अभी बाकी हैं।

शिकायत नहीं क्योंकि जो पाया, उसे भी कम नहीं समझा। मैंने अपनी राह स्वयं बनाई है, अपनी पहचान स्वयं गढ़ी है।

मेरी पहचान रिश्तों से नहीं, मेरे विचारों और शब्दों से है।       मैं परछाईं बनकर नहीं, अपनी अलग रोशनी लेकर चली हूँ।

आखिर क्या मिला मुझे?

एक अनुभवों से भरा जीवन, कुछ अनमोल रिश्ते, कुछ सीख, कुछ संघर्षों की विरासत, और सपनों को जीने की नई उम्मीद।

अनमोल है यह एहसास कि मैं अपने लिए कुछ कर सकती हूँ। समय कठिन क्यों न हो, मैं अपनी पहचान स्वयं रच सकती हूँ।

मैंने शब्द भर नहीं लिखे, भीतर की स्त्री को आवाज़ दी है। जिम्मेदारियों में विस्मृत अस्तित्व को कलम से पहचान दी है।

सरोज प्रसाद राय
उलझन सुलझन, स्थानीय संपादिका
जयपुर महिला प्रकोष्ठ

उलझन सुलझन