स्वर्णिम काल

स्वर्णिम काल

गोल्डन टाइम

आओ! यादों की गलियों में एक बार फिर लौट चलें…

जीवन की भागदौड़ में समय कब अपनी रफ्तार से आगे निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। वर्तमान की व्यस्तताओं के बीच कभी-कभी मन अनायास ही अतीत की उन गलियों में पहुँच जाता है, जहाँ हमारी उम्र के साथ-साथ हमारी यादों ने भी आकार लिया था। रेडियो की आवाज, दूरदर्शन के शुरुआती कार्यक्रम, फिल्मों के गीत, अभिनेताओं का अभिनय और विज्ञापनों की अनूठी धुनें केवल मनोरंजन के साधन नहीं थे, बल्कि हमारे जीवन के उस दौर के साथी थे।

कुछ आवाजें ऐसी थीं जिन्हें सुनने के लिए रेडियो के पास बैठने का इंतजार रहता था। कुछ धारावाहिक ऐसे थे जिनके प्रसारण के समय घरों में एक अलग ही उत्सुकता दिखाई देती थी। फिल्मों के गीत, संवाद और कलाकारों के चेहरे आज भी स्मृतियों में उसी ताजगी के साथ बसे हुए हैं।

इन्हीं सुनहरी यादों को फिर से जीवंत करने का एक छोटा-सा प्रयास है—गोल्डन टाइम। आइए, कुछ देर वर्तमान की उलझनों से विराम लेकर उन पलों को फिर से जिएँ, जिन्होंने कभी हमारे चेहरे पर मुस्कान बिखेरी थी और आज भी हमारे मन को आनंदित कर देते हैं।

आलेख

यादों के झरोखे से : रेडियो, दूरदर्शन और सिनेमा के सुनहरे पल

पता नहीं क्यों यह मन बीती गलियों में आज चला गया,
आया वापस तो यादों का ढेर पुलिंदा साथ ले आया।

वो जमाना फिर याद आ गया, जब अमीन सयानी की गंभीर, दिलकश आवाज और ‘बिनाका गीतमाला’ सुनाने का मोहक अंदाज मन को बांध लिया करता था।

मन आज भी झूम उठता है उस मनमोहक धुन पर, जब ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ का समवेत स्वर सुनाई देता है।

कभी स्मृतियाँ ‘हम लोग’ और ‘बुनियाद’ के बीच भटक जाती हैं, तो कभी ‘मोगली’ की चड्डी पहनकर जंगल में जा पहुँचती हैं।

क्या कोई भूल सकता है ‘रामायण’ में जानकी का भव्य स्वयंवर? लव-कुश का ‘हम कथा सुनाते’ सुनकर किसकी आँखें नम नहीं हो जाती थीं?

‘अथ श्री महाभारत कथा’ का वह चिरपरिचित स्वर आज भी दिलों में गूँजता है। अरुण गोविल और नीतीश भारद्वाज के रूप में राम और कृष्ण की छवियाँ आज भी कितने ही मनों में अंकित हैं।

और फिर याद आते हैं वे विज्ञापन, जिनकी अपनी ही एक पहचान थी। ‘हेमा, रेखा, जया और सुषमा’ वाला विज्ञापन आज तक भुलाए नहीं भूलता। ‘जब मैं छोटा बच्चा था, बड़ी शरारत करता था’ जैसे चुलबुले गीत और प्रसंग भी यादों में मुस्कान ले आते हैं।

फिल्मी गीतों की बात हो तो यादों का कारवाँ और भी रंगीन हो जाता है।

‘हँसता हुआ नूरानी चेहरा’ किसके चेहरे पर मुस्कान नहीं ले आता? ‘अपलम चपलम’ की चपलता से भला कौन बच पाया होगा?

‘ऐ लो मैं हारी पिया’ पर कौन अपना दिल नहीं हार बैठा होगा? ‘अरे जा रे हट नटखट’ के नटखट अंदाज पर कौन न फिदा हुआ होगा?

‘पान खाए सैंया हमारो’ ने किसके मन में रोमांटिक भाव नहीं जगाए होंगे? वहीं ‘यह देश है वीर जवानों का’ का जोश किसे रोमांचित नहीं कर देता था!

फिल्मों के संवाद और कलाकारों का अभिनय भी अपनी अलग छाप छोड़ता था। राजकुमार का अभिमान भरे अंदाज में ‘जॉनी’ कहना आज भी यादों में ताजा है। दिलीप कुमार के जीवंत अभिनय का तो कोई सानी ही नहीं।

‘मदर इंडिया’ की नरगिस आज भी भुलाई नहीं जातीं और ‘मुगल-ए-आजम’ की अनारकली की छवि आज भी आँखों में समाई हुई है।

अब आपकी बारी…

यादों का यह सफर केवल एक व्यक्ति का नहीं, हम सबकी साझा स्मृतियों का है।

  • कौन-से विज्ञापन, धारावाहिक और गाने आज तक आपको याद हैं?

  • कौन-सी फिल्म आपने बार-बार देखी?

  • किस अभिनेता या अभिनेत्री पर आपका दिल आ गया था?

  • किस गायक या गायिका की आवाज आपको हमेशा सम्मोहित करती रही?

  • रेडियो, दूरदर्शन या सिनेमा का कौन-सा कार्यक्रम आपके जीवन का अविस्मरणीय हिस्सा बन गया?

आप सभी भी अपने-अपने मधुर संस्मरण साझा कीजिए।

कुछ देर वर्तमान को भूलकर बीते हुए सुखद पलों को फिर से जी लीजिए। अपनी पुरानी फिल्मों, धारावाहिकों, पसंदीदा अभिनेता-अभिनेत्रियों, गायकों और कार्यक्रमों के बारे में बताइए।

क्योंकि यादें जितनी पुरानी होती हैं, कभी-कभी उनका आनंद उतना ही नया होता है।

आइए, मिलकर अपने-अपने गोल्डन टाइम को फिर से जीवंत करें!

सृजक

पूनम अरोड़ा

प्रस्तुति

उलझन सुलझन