कविता

व्यथा

सोचती हूँ, आज एक सवाल का जवाब लिखूँ,

हक़ीक़त से सबको मिलवाए, ऐसा आफ़ताब लिखूँ।

 

लिखूँ उस शख़्स पर, जो चाहकर भी रो न सका,

नींद आँखों में थी और चाहकर भी सो न सका।

 

लिखूँ दिल में छिपे उसके सुलगते से अरमानों पर,

लिखूँ शमा पर मर-मिटे अगणित परवानों पर।

लिखूँ उस अश़्क पर, जिसको इजाज़त न थी बहने की,

लिखूँ उस लफ़्ज़ पर, जिसको इजाज़त ना थी कहने की।

 

लिखूँ उसकी हँसी में लिपटे सर्द-से उस दर्द पर,

इजाज़त न मिली जिन्हें कभी भी दर्द होने की।

पराकाष्ठा है, जो हँसकर सदा हर दर्द सहने की,

युगों से मिली उपमा जिन्हें बेदर्द होने की।

व्यथा उनसे भी तो पूछो कि क्या है मर्द होने की?

सृजक

हर्षा ठक्कर ‘हिना’ ✍️

प्रस्तुति

उलझन सुलझन