शिक्षक दिवस पर सम्मान

शिक्षक दिवस पर सम्मान

शिक्षक दिवस पर सम्मान

शिक्षाविदों का सम्मान, मेरठ के निवासी, NEEV के संस्थापक डॉ. उपदेश वर्मा सम्मानित

शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (NDTF) द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज सभागार में “शिक्षक वंदन एवं सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, निदेशकों, प्रोफेसरों एवं शिक्षा जगत की विशिष्ट विभूतियों को शिक्षा, शोध, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसी कड़ी में मेरठ निवासी एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं खगोल भौतिकी विभाग के Associate Professor तथा NEEV (National Education Enrichment In Villages) के संस्थापक डॉ. उपदेश वर्मा को भी उनके शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी के कर-कमलों के द्वारा डॉ. उपदेश वर्मा को सम्मान प्रतीक दिया गया!

“शिक्षा, शोध, समाज एवं राष्ट्र निर्माण हेतु समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान” के लिए उनका अभिनंदन किया गया।

डॉ. उपदेश वर्मा ने अपने अकादमिक एवं शोध कार्यों के साथ शिक्षा को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में भी उल्लेखनीय पहल की है। उनके द्वारा स्थापित NEEV के माध्यम से ग्रामीण एवं वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, कंप्यूटर एवं डिजिटल शिक्षा तथा आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

NEEV का उद्देश्य शिक्षा को केवल विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों तक सीमित न रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसी सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल तथा बच्चों को निःशुल्क शिक्षित करने के उनके अभियान के लिए NDTF द्वारा डॉ. उपदेश वर्मा का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी ने शिक्षा एवं शिक्षकों की भूमिका को समाज और राष्ट्र के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के विचार, चरित्र और भविष्य का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक है। शिक्षा को समाज के वंचित वर्गों तक पहुंचाने वाले प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने ऐसे कार्यों को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह में शिक्षा, शोध और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विभिन्न शिक्षाविदों का सम्मान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. उपदेश वर्मा ने NDTF एवं मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान से अधिक से अधिक ग्रामीण एवं जरूरतमंद बच्चों को जोड़ा जाए तथा उन्हें आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाया जाए।

झलकी

सूचना स्रोत

डॉ उपदेश वर्मा

संस्थापक एवं राष्ट्रीय समन्वयक नींव

7599182718

प्रस्तुति

उलझन सुलझन