लोकप्रिय ओजस्वी कवि डॉ. हरिओम पंवार के अमृत महोत्सव पर होगा भव्य शुभकामना समारोह
श्री सुमनेश सुमन के शब्दों में
मेरठ। साहित्य, राष्ट्रचेतना और ओजस्वी काव्यधारा के अद्वितीय हस्ताक्षर, लोकप्रिय ओजस्वी कवि डॉ. हरिओम पंवार जी के 75वें जन्मोत्सव (अमृत महोत्सव) के पावन अवसर पर एक गरिमामय शुभकामना समारोह का आयोजन आगामी 24 मई 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे मांगल्य सभागार, सुभारती विश्वविद्यालय, बाईपास रोड, मेरठ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत दोपहर 2 बजे सहभोज भी रखा गया है।
इस विशेष आयोजन के सूत्रधार एवं संयोजक श्री अजय गुप्ता, अजय प्रेमी, श्री श्याम मोहन गुप्ता और श्री सुमनेश सुमन हैं। श्री सुमनेश सुमन जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह केवल एक कवि के जन्मोत्सव का आयोजन नहीं, बल्कि उस राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और साहित्यिक ऊर्जा का अभिनंदन है, जिसे डॉ. हरिओम पंवार ने अपनी ओजस्वी वाणी और सृजनधर्मिता से दशकों तक जन-जन तक पहुँचाया है।
श्री सुमनेश सुमन ने कहा कि डॉ. हरिओम पंवार ने अपने शब्दों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और भारतीय अस्मिता को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं। उनकी कविताएँ केवल मंचों की तालियों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने समाज के भीतर सोई हुई चेतना को जगाने, युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने तथा राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि समारोह में देशभर से साहित्यकार, शिक्षाविद्, समाजसेवी, उद्योगपति, कवि, पत्रकार एवं डॉ. पंवार जी के असंख्य प्रशंसक उपस्थित होकर उनके साहित्यिक एवं सामाजिक अवदान का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम में आशीर्वचन, शुभकामनाएँ तथा डॉ. हरिओम पंवार जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विशेष वक्तव्य भी आयोजित किए जाएंगे।
श्री सुमनेश सुमन ने सभी साहित्यप्रेमियों, शुभचिंतकों एवं समाज के प्रबुद्धजनों से आग्रह किया कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनकर अपनी उपस्थिति से आयोजन को गरिमा प्रदान करें और राष्ट्रकवि तुल्य व्यक्तित्व के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करें। इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए संत समाज की कुछ राष्ट्रीय प्रतिभाओं की स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन डॉ. हरिओम पंवार जी के प्रति समाज की सामूहिक कृतज्ञता का प्रतीक होगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त संदेश भी देगा।
निमंत्रण


निवेदक
शुभकामना समारोह समिति
मेरठ
