वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
गाजियाबाद, 24 अक्टूबर। एम.एम.एच. कॉलेज, गाजियाबाद के विधि विभाग द्वारा संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर 24 अक्टूबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “क्या संयुक्त राष्ट्र वैश्विक शांति, मानवाधिकारों एवं न्याय को बढ़ावा देने में प्रभावी है?” था। प्रतियोगिता में एलएल.बी. के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह, मुख्य अनुशासन अधिकारी श्री रविंद्र सिंह यादव तथा डीन, स्टूडेंट वेलफेयर श्री प्रकाश चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. अपर्णा मल्होत्रा, प्रो. सीमा शर्मा एवं श्री अनिल सिंह शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके विषय-ज्ञान, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, तथ्यों की प्रस्तुति तथा समय-प्रबंधन के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में शिफा (एलएल.बी. द्वितीय वर्ष) ने प्रथम पुरस्कार, पौरुष निर्वाण (एलएल.बी. तृतीय वर्ष) ने द्वितीय पुरस्कार तथा राशि गुप्ता (एलएल.बी. तृतीय वर्ष) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, मोनू (एलएल.बी. प्रथम वर्ष) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. प्रीति रावत ने किया। इसका आयोजन विधि विभाग के विभाग प्रभारी प्रो. पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रो. अपर्णा मल्होत्रा, प्रो. सुनैना त्रिसल, प्रो. रीमा अग्रवाल, प्रो. सीमा शर्मा एवं श्री दिग्विजय धामा सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, वक्तत्व कला एवं आत्मविश्वास का विकास करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय शांति, मानवाधिकारों और न्याय के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने, अपने तर्कों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने तथा विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
झलकियाँ

सूचना स्रोत

