नींव द्वारा आयोजित समर कैंप
मेरठ (उत्तर प्रदेश)
IIT के पूर्व छात्रों द्वारा संचालित एक सामाजिक एवं शैक्षिक पहल – के तत्वावधान में डॉ. शशिप्रभा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, ग्राम छज्जूपुर, परतापुर, मेरठ में चल रहे समर कैंप के अंतर्गत बच्चों के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन जागरूकता पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा प्रकृति संरक्षण के लिए व्यावहारिक सोच विकसित करना था।
कार्यक्रम में NEEV के नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. उपदेश वर्मा ने बच्चों को अत्यंत सरल एवं प्रेरणादायक शैली में पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि
“वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, अंधाधुंध वृक्षों की कटाई, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग, जीवाश्म ईंधनों का अनियंत्रित प्रयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन पृथ्वी के संतुलन को प्रभावित कर रहा है। इसके परिणामस्वरूप ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, भीषण गर्मी, सूखा, बाढ़ तथा जैव विविधता का संकट जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं।”
डॉ. वर्मा ने बच्चों को समझाया कि
“यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में छोटे-छोटे संकल्प अपनाए—जैसे अधिक से अधिक वृक्ष लगाना, जल एवं ऊर्जा की बचत करना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना—तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित एवं स्वस्थ पृथ्वी का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं पर्यावरण संरक्षण के ग्रीन एम्बेसडर बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।”
इसके उपरांत आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी अद्भुत कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं पर्यावरणीय समझ का परिचय दिया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों में एक ओर हरी-भरी, स्वच्छ एवं जीवन से भरपूर पृथ्वी तथा दूसरी ओर प्रदूषण, धुआँ उगलते उद्योग, वृक्षों की कटाई और जलवायु परिवर्तन से प्रभावित पृथ्वी का अत्यंत प्रभावशाली चित्रण किया गया। कई पोस्टरों में “Save Earth”, “Climate Change”, “Plant More Trees”, “Stop Pollution”, “Save Water”, “Reduce Carbon Emission” जैसे प्रेरणादायक संदेश भी अंकित किए गए। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से यह संदेश दिया कि यदि आज प्रकृति की रक्षा नहीं की गई तो भविष्य की पृथ्वी संकट में पड़ जाएगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय NEEV के समर्पित स्वयंसेवक डॉ. कुंवरपाल सिंह जो कि विद्यालय के प्रधानाचार्य भी हैं के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने समर कैंप के दौरान बच्चों को नियमित रूप से रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनके व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट पोस्टर बनाने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को मिठाइयाँ वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता एवं आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। इस अवसर पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
NEEV का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरणीय चेतना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का भी विकास होना चाहिए। इसी उद्देश्य से NEEV समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की रचनात्मक एवं समाजोपयोगी गतिविधियों का आयोजन करता रहता है।
झलकियाँ
संपर्क
डॉ. उपदेश वर्मा
एसोसिएट प्रोफेसर
भौतिकी एवं खगोल भौतिकी विभाग
दिल्ली विश्वविद्यालय
नेशनल कोऑर्डिनेटर, NEEV http://www.neeviit.org
Ph -7599182718
“आइए, मिलकर हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भारत के निर्माण का संकल्प लें।”🌳🌍🇮🇳
प्रस्तुति

